जसवंतनगर। हाईवे पर गुरुवार को बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इसमें महिला की मौत हो गई जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें सैफई रेफर किया गया है जबकि महिला की गोद में बैठे मासूम को चोट तक नहीं लगी।
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद निवासी शरीफ खां (25), पत्नी संगीता (21) और नौ माह के बच्चे के साथ बाइक से ससुराल पिपरेधी से लौट रहे थे। जमुना बाग स्थित पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपती सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपती को सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने संगीता को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल शरीफ को सैफई रेफर कर दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही मृतका की मां सकीना व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। बेटी का शव देख मां का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है जबकि हादसे के बाद चालक भाग निकला। हादसे के वक्त नौ माह का मासूम अपनी मां की गोद में था। टक्कर के दौरान मां की जान तो चली गई लेकिन मासूम को खरोंच तक नहीं आई। सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि जल्द ही ट्रक चालक को पकड़ा जाएगा।