इकदिल क्षेत्र के सराय जलाल के पास क्षतिग्रस्त हुआ कंटेनर।
- फोटो : अमर उजाला
इकदिल थानाक्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर ग्राम सराय जलाल फ्लाईओवर के पास मंगलवार सुबह पंचर खड़े ट्रक में पीछे से एक ट्रक और कंटेनर जा भिड़े। हादसे में दो खलासी मर गए। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने ट्रकों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। क्रेन से ट्रकों को हटवाया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे हाईवे पर आवागमन बाधित रहा।
मंगलवार सुबह सराय जलाल के समीप हाईवे पर सीमेंट लदे ट्रक का टायर पंचर हो गया था। ट्रक का क्लीनर शिवराज सिंह (32) पुत्र किशनाजी निवासी दोवियाना मंगलियावास अजमेर राजस्थान ट्रक का टायर बदल रहा था। तभी इटावा की ओर जा रहा एक ट्रक पीछे से उसमें जा भिड़ा। इस बीच एक कंटेनर पीछे भिड़े ट्रक में घुस गया। हादसे में खलासी शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरे ट्रक के खलासी गुरुप्रान सिंह (40) पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी राली थाना बुधलड़ा जिला मंशा पंजाब की मौके पर मौत हो गई। इसके अलावा कंटेनर क ा चालक नवाब सिंह पुत्र ओमप्रकाश और खलासी सत्यपाल सिंह पुत्र गिरिराज सिंह निवासी सौंख मंगोरा मथुरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। ट्रक में घायल बुरी तरह फंस गए। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा। जहां उपचार के दौरान शिवराज ने भी दम तोड़ दिया। एसओ इकदिल आलोक राय ने क्रेन मंगवाकर ट्रकों को हटवाया। करीब डेढ़ घंटे बाद हाईवे पर आवागमन सुचारु हो सका। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।