भरथना। गिरधारीपुरा में इटावा-बिधूना मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम कंटेनर की टक्कर से पेड़ की डाल टूटकर सामने से आ रही बोलेरो पर गिर गई। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ। डाल गिरने से मार्ग पर करीब एक घंटे जाम लगा रहा।
भरथना मंडी से धान के बोरे लादकर कंटेनर चालक पंजाब जा रहा था।
गिरधारीपुरा के पास कंटेनर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। वहीं से गुजर रही यूपीडा की बोलेरो पर डाल गिर गई। आसपास के लोगों ने बोलेरो में बैठे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना पर कस्बा चौकी इंचार्ज मलोक चंद्र मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से डाल को हटवाया। कंटेनर चालक मस्तान ने बताया कि ओवरटेक करने के दौरान बोरों में डाल फंस गई थी।