इटावा। शहर के बाशिंदों को सोमवार को पूरा दिन जाम से जूझना पड़ा। रामनगर फाटक, विजय नगर चौराहे, भरथना चौराहे, बस स्टैंड और शास्त्री चौराहे पर रेंग-रेंगकर वाहन चले। जाम के कारण रामनगर फाटक बंद नहीं हो पाया। चार पैसेंजर ट्रेनों और तीन मालगाड़ियां भी प्रभावित हो गई। स्टेशन मास्टर पीएम मीणा खुद रामनगर फाटक पर आरपीएफ के जवानों के साथ पहुंचे और चार घंटे बाद जाम खुलवा सके।
दरअसल, रविवार दिन भर हुई झमाझम बारिश के कारण मैनपुरी अंडरपास में 12 से 13 फीट तक पानी भर गया था। इस वजह से रास्ते को बंद कर दिया था। सोमवार सुबह तक अंडरपास नहीं खुल सका। इस पर राहगीर रामनगर फाटक के रास्ते से आने जाने लगे। सुबह दस बजे ही ऑफिसों का समय होने की वजह से रामनगर फाटक पर जाम की स्थिति बनने लगी। आधे घंटे में स्थिति और खराब हो गई। फाटक बंद न हो पाने की वजह से दिल्ली हावड़ा रेलवे रूट पर नीलांचल, ऊंचाहार, महानंदा और मुरी और तीन मालगाड़ियां को इटावा स्टेशन और आउटर पर ही रोका गया।
सूचना पर स्टेशन अधीक्षक पीएम मीणा खुद आरपीएफ के जवानों के साथ पहुंचे और लोगों की बाइक उठवाकर निकलर्वाइं। दोपहर दो बजे के बाद जाम खुल सका। फर्रुखाबाद फाटक पर बने गुरु तेग बहादुर पुल से भरथना चौराहे तक भी जाम लगा रहा।
लोगों की परेशानी, उन्हीं की जुबानी
फोटो संख्या 20- प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा।
चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज हैवरा के प्राचार्य डॉ. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि वे साढ़े दस बजे गुरु तेग बहादुर पुल पर पहुंचे थे। जाम की वजह से भरथना चौराहे तक आधा किलोमीटर जाने में सवा घंटे का समय लग गया गया।
इकदिल निवासी किसान शिव कुमार ने बताया कि वे सुबह दस बजे कचहरी जाने के लिए घर से निकले थे। बस स्टैंड से शास्त्री चौराहे तक जाम लगा रहा। एक किलोमीटर का सफर करने में एक घंटा लग गया।
मरीजों को लेने जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंसीं
माल गोदाम के पास पौने एक बजे मरीजों को लेने जा रही दो एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। लगभग आधे घंटे बाद पुलिस ने सभी वाहनों को रोककर दोनों एंबुलेंसों को निकलवाया। स्कूलों की छुट्टी होने बाद बच्चे भी जाम में फंस गए। कड़ी धूप और गर्मी के कारण बच्चे तिलमिला कर रह गए।
मैनपुरी अंडरपास बंद होने की वजह से रामनगर फाटक, विजय नगर, भरथना चौराहे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था। इस वजह से जाम की स्थिति पैदा हुई थी। पंप से पानी निकाला जा रहा था। उम्मीद थी सोमवार सुबह तक अंडरपास खुल जाएगा। ऐसा नहीं हो सका। जल्द ही जाम से निपटने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी।
- जयप्रकाश सिंह, एसएसपी
रेलवे ट्रेक में फसी बाइक को निकलवाते स्टेशन मास्टर पीएम मीणा। संवाद- फोटो : ETAWAH
रामनगर फाटक से विजय नगर चौराहा तक लगा लंबा जाम। संवाद- फोटो : ETAWAH
रेलवे लाइन से लोगों के हटने पर निकलती मुरी एक्सप्रेस। संवाद- फोटो : ETAWAH
स्कूल की छुट्टी के बाद रामनगर फाटक पर जाम में फंसे स्कूटी सवार बच्चे। संवाद- फोटो : ETAWAH
अंबडेकर चौराहे रोड पर जाम में फंसी स्कूल की छात्राएं। संवाद- फोटो : ETAWAH