बकेवर। महेवा ब्लॉक की रतनपुर ग्राम पंचायत में तीन सदस्यीय समिति का गठन सोमवार को नहीं हो सका। दरअसल, यहां की प्रधान पर आरोपों के चलते डीएम ने उनके वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए हैं।
सोमवार को एडीओ पंचायत श्याम वरन सिंह राजपूत की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत रतनपुर के पंचायत घर में पंचायत सदस्यों की बैठक हुई। पंचायत सचिव सुशील यादव और ग्राम पंचायत के 13 सदस्य मौजूद रहे। समिति के गठन के दौरान कई बाहरी लोग भी पंचायत घर में पहुंच गए। सूचना पर बिजौली चौकी इंचार्ज एसआई अनुज कुमार पुलिस फोर्स के साथ यहां पहुंचे और बाहरी व्यक्तियों को बाहर निकाला।
एडीओ पंचायत श्याम वरन सिंह ने बताया कि प्रधान के वित्तीय अधिकार सीज होने के बाद तीन सदस्यीय समिति का गठन किया जाना है। इसमें मात्र एक अनुसूचित जाति के सदस्य पर ही सहमति बन पाई। अनारक्षित और महिला सदस्य पर अन्य सदस्यों में सहमति नहीं बन पाई। इसके कारण समिति का गठन नहीं हो सका। अब 15 दिन बाद दोबारा नई तिथि जारी की जाएगी।