इटावा महाराष्ट्र के कोल्हापुर से चलने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन इटावा पहुंचे श्रमिक
- फोटो : ETAWHA
इटावा। महाराष्ट्र के कोल्हापुर से आई श्रमिक स्पेशल ट्रेन से 1552 प्रवासी रविवार सुबह इटावा स्टेशन पहुंचे। इन सभी को बसों से नुमाइश पंडाल ले जाया गया, वहां भोजन पानी देकर बसों से ही उनके जिलों व राज्यों की सीमा के लिए रवाना कर दिया गया। जिले के 18 प्रवासियों को विचारपुरा के ब्रजगोपाल महाविद्यालय ले जाया गया, वहां से होम क्वारंटीन की सलाह देकर बसों से घर भेज दिया गया।
01837 श्रमिक स्पेशल ट्रेन 21 मई को प्रवासियों को लेकर कोल्हापुर से चली थी। ट्रेन को शनिवार शाम 6 बजे इटावा स्टेशन पहुंचना था, लेकिन ट्रेन 14 घंटे 30 मिनट देरी से पहुंची। ट्रेन रविवार सुबह 8:30 बजे इटावा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर रुकी। 24 डिब्बों की ट्रेन में 1552 प्रवासी थे।
करीब 8:45 बजे प्रवासियों को एक-एक बोगी कर ट्रेन से उतारना शुरू किया गया और करीब 11:30 बजे तक प्रवासी ट्रेन से उतारे गए। स्टेशन पर सभी की थर्मल स्क्रीनिंग कर 52 बसों से नुमाइश पंडाल भेजा गया। प्रवासियों में 18 इटावा जिले के रहे, उन्हें विचारपुरा के ब्रजगोपाल महाविद्यालय ले जाकर भोजन पानी दिया गया। इसके बाद उन्हें होमक्वारंटीन की सलाह देकर घर भेज दिया गया।
डिप्टी सीएमओ डा वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घरों में टीम भेजकर सभी के सैंपल लिए जाएंगे। एसडीएम सदर सिद्धार्थ ने बताया कि दूसरे जिलों व झारखंड के प्रवासियों को नुमाइश पंडाल में भोजन, पानी व उनके बच्चों को दूध दिया गया। शाम तक सभी प्रवासियों को बसों से उनके गृह जनपद और झारखंड के प्रवासियों को उनके प्रदेश की सीमा तक भेज दिया गया।