इटावा। अनलॉक के दौरान कुछ चुनिंदा ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद ट्रेनों की संख्या के साथ ही रिजर्वेशन कराने वाले संख्या भी बढ़ती जा रही है। इस समय रोजाना 250 से ऊपर सीटें बुक हो रहीं हैं।
कोरोना संक्रमण की वजह से 15 मार्च से लेकर 31 मई तक यानी 68 दिन तक ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से ठप रहा। 31 मई लॉकडाउन का आखिरी दिन होने और एक जून से अनलॉक होने पर कुछ ट्रेनें चलने लगीं। इनमें इटावा रुकने वाली गोमती और महानंदा एक्सप्रेस भी शामिल हैं। इनके लिए 25 मई से रिजर्वेशन होने लगे। शुरू में करीब 90 फार्म भरे जाते थे। इसके बाद 3 सितंबर से आगरा- लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, 12 सितंबर से नई दिल्ली- लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस चलने से यात्रियों की संख्या भी बढ़ने लगी। रिजर्वेशन पर्यवेक्षण अधिकारी एम लाल ने बताया ट्रेनों की संख्या बढ़ने से रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है। सितंबर में 4950 रिजर्वेशन फार्म भरे गए थे। 7381 यात्रियों ने सफर किया था। हालांकि 734 यात्रियों ने रिजर्वेशन कैंसल भी करवाया था। 01 अक्तूबर को 205 फार्म भरे गए, जबकि 278 सीटें बुक हुईं। 49 यात्रियों ने टिकट कैंसल कराया। 02 अक्तूबर को 176 फार्म भरे गए, 277 सीटें बुक हुईं, जबकि इसके अतिरिक्त 35 टिकट कैंसल हुए।
नवरात्र जैसे धार्मिक पर्व को ध्यान में रखकर रेलवे नौ अक्तूबर से पुरी-आनंद विहार विशेष सुपर फास्ट ट्रेन चलाने जा रहा है। इसका ठहराव इटावा स्टेशन पर दिया गया है। सप्ताह में तीन दिन यह ट्रेन दोनों ओर से चलेगी। पूरी से आने वाली 02875 ट्रेन मंगलवार, शुक्रवार व रविवार को शाम 5 बजे तथा इन्हीं दिनों में आनंद विहार से यह ट्रेन सुबह 10:36 बजे आएगी।