इटावा। पीएम विश्वकर्मा योजना एवं नमो एप अभियान के संबंध में जिला कार्यसमिति की बैठक का आयोजन गुरुवार को कार्यलय पर किया गया। इसमें मुख्य अतिथि ने परंपरागत शिल्प व उद्योग की अर्थव्यवस्था की महत्वता बताई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संगठनात्मक जनपद प्रभारी कमलावती सिंह ने कहा कि देश के सामाजिक ढांचे में परंपरागत शिल्प व उद्योग अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार थे। अनदेखी के कारण यह मुख्यधारा से दूर हो गए। प्रधानमंत्री ने इन परंपरागत शिल्पियों तथा उद्यमियों को आधुनिक प्रशिक्षण व उपकरणों की उपलब्धता के लिए यह योजना शुरू की है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि हमारे आस-पास जो भी लकड़ी का काम करने वाले, सोने चांदी का काम करने वाले, चर्मकार, धोबी, नाव बनाने वाले, ताला बनाने वाले आदि पारंपरिक कारीगरी से जुड़े लोगों को इस योजना से जोड़ा जाए। जनपद प्रवासी राहुल देव अग्निहोत्री ने कहा कि कहा कि जब तक देश के परंपरागत कारीगर, शिल्पकार, उद्यमी आर्थिक रूप से मजबूत नहीं होंगे तब तक देश आर्थिक महाशक्ति नहीं बन सकता है। पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिये ग्रामीण क्षेत्रों में फोकस करना है। इससे गांव के शिल्पकारों को उनके यहां ही प्राचीन भारत की तरह रोजगार का भरपूर अवसर प्राप्त हो सकें। पार्टी बूथ स्तर पर अभियान चलाकर शिल्पकार एवं कारीगरों को योजना से जोड़ने के लिए प्रेरित करेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत ने अपने समापन उद्बोधन में कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत लोहार, सुनार, कुम्हार, बढ़ई, चर्मकार, दर्जी सहित 18 पारंपरिक कार्यों से जुड़े कारीगरों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान 500 रुपये प्रतिदिन भत्ता व टूल किट खरीदने के लिए 15 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाती है। जिला महामंत्री शिवाकांत चौधरी ने पीएम मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार एवं योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकसित भारत के निर्माण के विकास मार्ग हेतु राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया जिसका जिला महामंत्री अन्नू गुप्ता ने अनुमोदन किया तथा बैठक में उपस्थित समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित किया।जनपद प्रवासी राहुल देव अग्निहोत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, निवर्तमान जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार चौधरी, डॉ. रमाकांत शर्मा, जिला उपाध्यक्ष हरनाथ सिंह कुशवाह, देवप्रताप भदौरिया, विक्रम अग्रवाल, दीपक नाथ चौधरी, शिवकिशोर धनगर, जिला मंत्री डॉ. ज्योति वर्मा आदि मौजूद रहे।