इटावा। संयुक्त व्यापारी मंडल के बैनर तले व्यापारी गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी के न मिलने पर एसपी देहात को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि पुलिस व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। इस पर रोक लगाई जाए।
ज्ञापन में कहा कि कुछ दिन पहले चौगुर्जी स्थित चौधरी ऑटो मोबाइल के मालिक नरेंद्र चौधरी को सिविल लाइन पुलिस एक मामूली शिकायत पर थाने ले गई। वहां उनसे हिस्ट्रीशीटर अपराधी की तरह व्यवहार किया गया। मोबाइल और रुपये लेकर उनका मानसिक उत्पीड़न किया गया। वाहन को कथित सुलहनामा के जरिए ले लिया गया। इसी तरह, 16 फरवरी को दवा व्यापारी शिवराज सिंह निवासी कृष्णा नगर भरथना रोड के मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को कोतवाल बताया और डरा-धमका के व्यापारी के खाते से लगभग 90 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। ज्ञापन में कहा गया है कि व्यापारी पुलिस से इतना डरा हुआ है कि कोतवाल का नाम सुनकर रुपये ट्रांसफर कर दे रहा है।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि शहर के प्रमुख बाजारों में कुछ महिलाओं की ओर से व्यापारियों पर आरोप लगाकर उनका शोषण और उत्पीड़न किया जा रहा है। व्यापारियों ने कहा कि इन सभी मामलों की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। इस मौके पर जागेश्वर प्रसाद अग्रवाल, संतोष चौहान, सदाशिव श्रीवास्तव, धर्मेंद्र कुमार जैन, एमपी सिंह तोमर आदि ने एसपी देहात सत्यपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा।