इटावा। साथी दुकानदार पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने विभिन्न संगठनों के बैनर तले आवाज बुलंद की। निर्णय लिया गया कि तीनों व्यापार मंडल अब एक साथ मिलकर व्यापारियों के उत्पीड़न की लड़ाई लड़ेंगे।
बुधवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी एकत्रित हुए। इसमें अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जागेश्वर प्रसाद अग्रवाल, व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष संतोष चौहान, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री सदाशिव श्रीवास्तव ने व्यापारियों के उत्पीड़न पर मंथन किया।
चौगुर्जी चौधरी ऑटोमोबाइल के मालिक नरेंद्र चौधरी को सिविल लाइन थाना पुलिस मामूली शिकायत पर थाना ले गई और हिस्ट्रीशीटर की तरह एक भी सुने बगैर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसकी चप्पल उतरवाकर अपराधी की तरह सिविल लाइन थाने में बैठाया गया।
उसका मोबाइल ले लिया गया। किसी से बात नहीं करने का दबाव बनाकर उसका उत्पीड़न किया गया। व्यापारियों में गहरा आक्रोश है। तीनों संयुक्त व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने घटना का विरोध किया। 22 फरवरी को संयुक्त रूप से समय सुबह 11:00 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन देकर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग करेगा।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री धर्मेंद्र जैन, जिला कोषाध्यक्ष सर्वेश चौहान, जिला प्रवक्ता इकरार अहमद, युवा जिला महामंत्री रंजीत कुशवाहा, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष संतोष चौहान, जिला संरक्षक एमपी सिंह तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. एके शर्मा आदि मौजूद रहे।