इटावा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के लुहन्ना चौराहे के पास ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा पूठन सकरौली के पास बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार घायल होे गया। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के दतावली गांव निवासी अशोक कुमार बाइक से रिश्तेदारी में टकपुरा गांव थाना जसवंत नगर गया था। उसके रिश्तेदार 65 वर्षीय अयोध्या प्रसाद की तबीयत खराब थी। अशोक रिश्तेदार अयोध्या प्रसाद को बाइक पर बैठाकर दवा दिलाने के लिए इटावा लेकर जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक लुहन्ना चौराहे के पास पहुंची तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
जिससे अयोध्या प्रसाद की मौकेे पर ही मौत हो गई। जबकि अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भाग निकला। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने अयोध्या प्रसाद के मरने की पुष्टि कर दी। अशोक को जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। इसके अलावा पूठन सकरौली गांव के पास साइकिल से जा रहे रंजीत को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।