रविवार देर रात आई तेज आंधी व बरसात से कई स्थानों पर टिनशेड और दीवारों के गिरने से एक दर्जन लोग घायल हो गए। इसके अलावा आम की फसल को भारी नुकसान हुआ है। वहीं मौसम सुहाना हो गया। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 38 एवं न्यूनतम 26 डिग्री रिकार्ड किया गया।
लवेदी प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम इंगुर्री में रविवार रात तेज आंधी आने से टिनशेड से बने मकान में सो रहे करताल सिंह पुत्र छोटे सिंह ,रजोला देवी पत्नी करताल सिंह, मोहिनी और आयुष अंदर ही दब गए। चीख पुकार की आवाज सुन नीरज, लवलू नरेंद्र सिंह बबलू ,कन्हैया और अन्य पड़ोसी मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकाला। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्राम प्रधान सुबोध चौहान ने पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिलाया है। इसी थाना के ग्राम दुर्गापुरा में बिजली गिरने से वीरेंद्र सिंह चौहान का मकान गिर गया। जिससे डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। लेखपाल राजेंद्र सिंह लेखपाल मौके पर पहुंचे और जांच की।
ऊसराहार प्रतिनिधि अनुसार ताखा क्षेत्र में आंधी-तूफान में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कठौतिया गांव में दीवार गिरने से वंदना पत्नी जगजीवन राम छोटी पुत्री रठूरी लाल निवासी भरतिया गुड्डी देवी पत्नी नौबतराम निवासी खजुरिया लौंगश्री पत्नी मान सिंह भी दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी सरसईनावर में भर्ती कराया गया। सरसईनावर में ब्रजेश कुमार पुत्र रामप्रसाद जाटव के घर के पड़ोस में खड़े एक पेड़ की डाल टूटने से उनकी माताजी का सिर फट गया। उनके पिता, छोटे पुत्र को भी चोटें आईं। पूजा निवासी रमपुरा एवं अंश भी घायल हो गए।