पत्रकारों से वार्ता करते निदेशक खेल आरपी सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
हाकी इंडिया राष्ट्रीय स्तर की सबसे बड़ी हाकी चैंपियनशिप का आयोजन सैफई में करने जा रही है। देश की सबसे बड़ी हाकी चैंपियनशिप साल में एक बार आयोजित की जाती है। इस बार मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गृह जनपद के सैफई में होने जा रही है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 8 अप्रैल को सांसद मैनपुरी तेज प्रताप यादव सैफई के मास्टर चंदगीराम स्टेडियम में करेंगे। प्रतियोगिता का समापन पहली मई को होगा।
यह जानकारी निदेशक खेल आरपी सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में इस बार इसमें 52 टीमों को खेलने का अवसर मिलेगा। अभी तक इतनी टीमों ने कभी भी किसी भी प्रतियोगिता में हिस्सेदारी नहीं की है। इस लिहाज से भी यह प्रतियोगिता बहुत महत्वपूर्ण है। पहली बार उत्तर प्रदेश को यह प्रतियोगिता आयोजित करने का अवसर मिला है।
साथ ही साथ सैफई को भी पहली बार इतने बड़े आयोजन का अवसर मिला है। 24 दिन चलने वाली इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 8 अप्रैल को सांसद मैनपुरी तेज प्रताप यादव सैफई के मास्टर चंदगीराम स्टेडियम में करेंगे। इसका समापन 1 मई को होगा। इस प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल, सेमी फाइनल और फाइनल का सीधा प्रसारण किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय स्तर के अंपायर और सेलेक्शन टीम के साथ हाकी इंडिया के सभी अधिकारी भी सैफई पहुंच रहे हैं। इस मौके पर क्रीड़ा अधिकारी योगेंद्र पाल सिंह, ब्रजेंद्र सिहं भदौरिया, अनिल चौधरी, देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।