तिलकोत्सव कार्यक्रम के बाद आखिरकार वह घड़ी आ ही गई जिसका सैफई परिवार को बेसब्री से इंतजार था। गुरुवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह के पौत्र मैनपुरी सांसद तेजप्रताप सिंह यादव के सर पर सेहरा बंधेगा। लालू की बेटी से ब्याहने रचाने के लिए सपा मुखिया पूरे परिवार के साथ बारात लेकर दिल्ली जाएंगे। बुधवार को दिन भर शादी की रस्मों का आयोजन हुआ। रात को भात का कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित अन्य परिवारीजन मौजूद रहे।
सैफई में 21 फरवरी को सांसद तेज प्रताप सिंह यादव का तिलकोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बॉलीवुड स्टॉर अमिताभ बच्चन, जयाबच्चन, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित भारी संख्या में अतिथि तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए।
अब शादी का वक्त आ गया है। गुरुवार को दिल्ली में मुलायम सिंह यादव के पौत्र की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालूप्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी के साथ होगी। शादी से पहले बुधवार को सपा मुखिया के सैफई स्थित आवास पर विवाह की अन्य रस्मों को पूरा किया गया। रात में भात के कार्यक्रम में शामिल होने को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी बुधवार शाम करीब 4 बजे सैफई पहुंच गए।
उन्होंने पत्नी डिंपल यादव व बच्चों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनके साथ ही सांसद धर्मेंद्र यादव सहित अन्य परिवारीजन भी उपस्थित रहे। परिवारी सूत्रों के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब 9 बजे दूल्हा बनकर तेजू बारातियों के साथ दिल्ली को रवाना होने। इससे पहले शादी से जुड़ी अन्य रस्मों को पूरा किया जाएगा।