आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर कौआ रमपुरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई सफारी
- फोटो : अमर उजाला
ऊसराहार। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार को तड़के करीब चार बजे ऊसराहार थाना क्षेत्र के कौआ रमपुरा के समीप तेज रफ्तार सफारी टायर फटने से पलट गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी शामिल हैं। सभी घायलों को सैफई पीजीआई में भर्ती कराया गया है। एक्सप्रेस वे पर प्रतिदिन कहीं न कहीं हाई स्पीड से चलने वाले वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। नोएडा निवासी भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल यादव, प्रदेश मंत्री महेश चंद्र चौहान अपने साथी जयवीर सिंह एवं एडवोकेट प्रदीप वर्मा के साथ लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलने गाड़ी से जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय सफारी 130 किलोमीटर की रफ्तार के ऊपर चल रही थी।
गाड़ी असंतुलित होकर डिवाइडर पर लगी जाली को तोड़ते हुए दूसरी ओर को जाने वाली लेन में जाकर पलट गई। इससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी के चालक सुरजेश पुत्र शीशपाल उम्र 27 वर्ष निवासी जोखाबाद थाना सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर की मौके पर मौत हो गई। भाजपा नेता सत्यपाल और महेश के साथ प्रदीप वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। जयवीर को भी चोटें आई। सूचना पाकर थानाध्यक्ष आलोक कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार राय ने बताया घायलों को इलाज के लिए सैफई मेडिकल कालेज भेजा गया है। गाड़ी को एक्सप्रेस वे से नजदीकी कट चौपाल से उतारकर चौबिया थाना भेजा गया है।