नहर पुल की तरफ अतिक्रमण हटवाते ईओ
- फोटो : अमर उजाला
कस्बा लखना में शनिवार को बाईपास तिराहे से पुराना नहर पुल तक मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटवाया गया। डीएम के निर्देश पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने दलबल के साथ पहुंचकर सड़क के दोनों ओर का अतिक्रमण हटवाया। इस बीच कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन फोर्स के आगे उनकी एक नहीं चली।
विद्यालय संचालकों व समाजसेवियों ने बीते दिनों डीएम नितिन बंसल को ज्ञापन देकर अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया था। ज्ञापन में कहा गया था कि सबसे ज्यादा अतिक्रमण व्यापारियों ने बाईपास तिराहे से लेकर पुराना नहर पुल तक मुख्य बाजार में टीन बैंच व तख्त लगाकर किया है। इससे स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सब्जी मंडी के सामने से लेकर कालिका मंदिर तक दुकानदारों ने अपनी फड़ सड़क पर काफी आगे तक बढ़ा रखी है। इस पर डीएम ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शेरबहादुर को कार्रवाई करने के लिए कहा था। इसके चलते शनिवार को अधिशासी अधिकारी शेरबहादुर ने थानाध्यक्ष बृजेंद्र यादव, चौकी प्रभारी बीनेश जादौन के साथ पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया गया।
इस दौरान सब्जी आढ़तियों को भी चिंह्ति किया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सभी को हिदायत दी गयी कि कोई व्यापारी सड़क पर ठेला फड़ नहीं लगाएगा।, अगर लगाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।