आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस वे पर दुर्घटनाग्रस्त कार।
- फोटो : अमर उजाला
बसरेहर। चौबिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गांव चौपुला के पास शनिवार की सुबह घने कोहरे में तीन वाहन आपस में टकरा गए। जिसमें आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
फरीदाबाद निवासी डा. विनोद कुमार अपनी पत्नी नीरू, पुत्र रजनेश पुत्र वधू व नाती के साथ किसी काम से गोरखपुर के लिए कार से जा रहे थे। जैसेे ही वह एक्सप्रेस वे पर गांव चौपुला के पास पहुंचे। अचानक एक डंपर के आ जाने से कार उसमें जा भिड़ी। कार में सवार पांचों लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी पर थाना पुलिस के अलावा एक्सप्रेस वे की सुरक्षा में लगे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घायलों को कार से बाहर निकाला। बाद में पुलिस ने सभी को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। इसी बीच पीछे से आ रही एक एंबुलेंस भी कार व डंपर से भिड़ गई जिससे उसमें सवार बिहार के छपरा जिला निवासी अमित, निर्भय व हरीश घायल हो गए। उन्हें भी सीएचसी में भर्ती कराया गया है।