फिरोजाबाद के लिए....
फोटो संख्या 10- पुलिस गिरफ्त में ट्रक मालिक व चालक।
थाने चोरी हुए तीन सीज ट्रक ढाबे के पास से बरामद
मालिक व चालक गिरफ्तार, बिना नंबर के मिले ट्रक
बकेवर थाने से चोरी हुए थे ट्रक, तलाश को लगी थी टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर (इटावा)। बकेवर थाने से चोरी हुए सीज ट्रकों को रविवार की रात पुलिस ने नेशनल हाईवे 19 स्थित पूनम ढाबे के पास से बरामद कर लिए। तीनों ट्रकों की नंबर प्लेटें हटी हुई थी। पुलिस ने मौके से ट्रक के मालिक व चालक को गिरफ्तार किया। जबकि इस संबंध में 12 फरवरी को एसपी ग्रामीण ने दो ट्रकों की बरामदगी गैर जनपद से होने की बात कही थी।
बकेवर थाने से बुधवार देर रात तीन सीज ट्रकों को उनके मालिक व चालक लेकर फरार हो गए थे। यह जानकारी बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने दी। प्रभारी निरीक्षक ने सोमवार को बताया कि संभागीय परिवहन अधिकारी ने दो जनवरी व छह जनवरी को यूपी 75 एटी 6131, यूपी 83 बीटी 8734, यूपी 83 एटी 9088 नंबर के ट्रक ओवरलोड होने पर सीज किए थे। परिवहन अधिकारी ने बकेवर थाने के परिसर में जगह न होने से थाने के सामने इटावा रोड पर खड़ा करा दिया था। गुरुवार की सुबह वाहनों की गिनती की गई तो तीन ट्रक गायब मिले। पुलिस ने मामले की जांच तो जानकारी हुई कि बुधवार की रात मालिक व चालक तीनों ट्रकों को चोरी कर गए हैं। इस संबंध में सीओ भरथना चंद्र पाल सिंह ने दो टीम गठित की जो ट्रकों की बरामदगी और मालिक व चालकों की तलाश में दबिश दे रही थी। तभी सूचना पर पुलिस रविवार की रात नेशनल हाईवे 19 स्थित पूनम ढाबे के पास पहुंची, यहां पर तीन ट्रक बिना नंबर प्लेट के खड़े थे। पुलिस टीम ने तीनों ट्रकों की जांच की तो वह बकेवर थाने से चोरी हुए सीज ट्रक निकले। पुलिस टीम ने ढाबे पर चेकिंग की और मौजूद ट्रक मालिक सतीश चंद्र निवासी गढ़ी जालिम पोस्ट कुरसैना जसवंतनगर और चालक धर्मेंद्र कुमार निवासी ग्राम गोपालपुर थाना एका जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह मौरंग के ठेकेदार पिंकी यादव उर्फ कौशलेंद्र के नाम की फंटी लगाकर ट्रक चलाते थे।
एसपी ग्रामीण ने बताया था गैरजनपदों से ट्रकों की बरामदी
12 फरवरी को एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह ने ट्रकों की बरामदगी के लिए टीमों के अलग-अलग जनपदों में जाने और वहां से ट्रकों को बरामद कर इटावा लाने की बात कही। 12 फरवरी को एसपी ग्रामीण ने कहा था कि ट्रक की बरामदगी के लिए टीम भेज दी गई है। दो ट्रकों की बरामदी अलग-अलग जनपदों से हो गई है। टीम ट्रकों को लेकर आ रही है। तीसरे के लिए टीम गई है।
एक ट्रक में भरी थी मौरंग, दो खाली
बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ढाबे के पास से पुलिस टीम ने तीन ट्रकों को बरामद किया था। पुलिस के मुताबिक दो ट्रक से मौरंग गायब थी, जबकि एक ट्रक में मौरंग भरी हुई थी। पुलिस तीन अन्य लोगों की तलाश कर रही है।