इटावा। विभिन्न मामलों में भ्रष्टाचार के आरोपी तीन दरोगा व दो सिपाहियों को एसएसपी आकाश तोमर ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप है।
निलंबित होने वाले तीन दरोगाओं में बकेवर थाने के संजय कुमार सिंह, कोतवाली के मोहम्मद शकील व चौबिया थाने के गंगासागर हैं। एसएसपी ने बताया कि इनके अलावा यातायात पुलिस के वरिष्ठ आरक्षी प्रमोद कुमार व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी उदयसिंह को भी भ्रष्टाचार, जांच में शिथिलता और असहनीय आचरण में संलिप्त पाए जाने पर शनिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक के स्पष्ट आदेश हैं कि पुलिस कर्मियों की कार्यशैली पाक साफ और आम जनमानस के प्रति अच्छे व्यवहार की रहे। सूत्रों के मुताबिक, बकेवर के उप निरीक्षक संजय कुमार सिंह को गोवंश मामले में उचित कार्रवाई न करने, कोतवाली के मोहम्मद शकील को तंबाकू बरामदगी की सही जानकारी न देने और यातायात पुलिस के वरिष्ठ आरक्षी प्रमोद कुमार का एक वाहन चालक से अवैध वसूली का वीडियो वायरल होने पर निलंबित किया गया है।