फोटो: 26 गांव में मरीजों का खून का नमूना लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद
= दो सगी बहनों सहित एक महिला की डेंगू रिपोर्ट आई पाॅजेटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर। नौधना गांव में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर 22 मरीजों की जांच की। जिला अस्पताल से आयी रिपोर्ट के बाद तीन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। टीम ने घर-घर जाकर मरीजों की जांच करने के साथ खून के नमूने लिए और दवाओं का वितरण किया। वहीं गांव में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराने के साथ जगह-जगह साफ-सफाई भी कराई।
सीएचसी से बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम डॉ. जितेन्द्र चौहान के नेतृत्व में नौधना गांव पहुंची। टीम ने स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की। इस दौरान कुल 52 मरीजों की जांच की गयी और डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार की जांच के लिए खून के नमूने लिए गये। इनमें से जांच में माया (16) पुत्री बिलमो विलियन, आस्था (20) पुत्री बिलमो विलियन और मंजू देवी (48) पत्नी नंदलाल डेंगू पॉजिटिव पाई गईं हैं। इसके बाद मरीजों का डेंगू का इलाज शुरू हुआ है।
टीम ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई। गांव में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया व जगह-जगह सफाई कराई गई। स्वास्थ्य टीम में डॉ. मिथलेश, एलटी अंशू, एएनएम अभिलाषा पाल और भोले तिवारी शामिल रहे। इटावा से आये मलेरिया निरीक्षक श्यामवीर यादव के साथ सुभाष, अरुण, प्रदीप और हरिकिशन ने भी मरीजों की जांच की।