इटावा। जिले मेें गुुरुवार को तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई और 116 नए संक्रमित मिले। 261 मरीज स्वस्थ भी हुए। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या 222 हो गई है।
जिले में अभी तक 11941 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें 9830 मरीज ठीक हो चुके हैं और 1890 का इलाज चल रहा है। गुरुवार को सबसे ज्यादा संक्रमित सैफई में मिले। चिकित्सा विवि में 29, सीएचसी में पांच, तहसील में एक और सैफई गांव में पांच संक्रमित मिले।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर हुई जांच में चार, गांधीनगर, न्यू तुलसीनगर, विकास कालोनी, मोतीझील, सुल्तानपुर में तीन-तीन, अजीत नगर, विजय नगर, कृष्णा कालोनी, नगला नावली,नरायन नगर ऊसरा, सीएचसी महेवा में दो-दो, जिला अस्पताल कैंपस,गाड़ीपुरा,अड्डा जालिम,फ्रेंडस कालोनी, राजागंज, अशोक नगर, बस स्टैंड, शिवा कालोनी,रतन नगर, लक्ष्मीपुरम, राजपूत कालोनी, कटरा सेवाकली, घटिया अजमत अली,पक्का बाग,सिविल लाइन,सीएचसी भरथना, कामेत समेत अन्य स्थानों पर कोरोना संक्रमित मिले।
एक्सईएन और हेड कांस्टेबल ने भी तोड़ा दम
कोरोना संक्रमित लघु सिंचाई विभाग के एक्सईएन डीडी वर्मा का लखनऊ में इलाज चल रहा था। सीडीओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि बुधवार को उनकी मौत हो गई। 10-15 दिन से वह बीमार चल रहे थे। पुलिस अपराध शाखा में कार्यरत झांसी जनपद के मूल निवासी हेड कांस्टेबल निर्भाल सिंह यादव(40) ने गुरुवार को सैफई कोविड अस्पताल में दम तोड़ दिया। एसएसपी डा.ब्रजेश सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को वह संक्रमित हुए थे। तीन मई को सैफई में भर्ती कराया गया था। पंजाबी कालोनी निवासी बिजली विभाग के 45 वर्षीय ठेकेदार की आगरा में मौत हो गई है। (संवाद)
1995 लोगों ने कराई जांच
गुरुवार को 867 लोगों की एंटीजन से तथा 1128 की आरटीपीसीआर समेत कुल 1995 लोगों की जांच हुई। अब तक जिले में पांच लाख चौबीस हजार पांच सौ इकहत्तर लोगों की जांच हो चुकी है।