शहर में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आगरा के अस्पताल से लौटा शहर के हॉटस्पॉट गांधी नगर का युवक कोरोना पॉजिटिव निकला है।
इसके अलावा पहले संक्रमित मिले गांधी नगर के प्रवासी युवक की बेटी और शाह कमर के सब्जी विक्रेता की पत्नी की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है।
अब शहर में संक्रमितों की संख्या 22 और जिले में 48 पहुंच गई है। इसमें एक की मौत हो चुकी है और 5 ठीक हुए हैं। 42 मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
गांधी नगर निवासी 21 वर्षीय युवक दिल्ली में रहकर सीए की तैयारी कर रहा था। देश में कोरोना की दस्तक के बाद वह 15 मार्च को इटावा लौट आया था। युवक की मां का तबीयत खराब चल रही थी।
वह मां को लेकर 20 मई को आगरा के एक निजी अस्पताल गया था। वहां से 21 मई को लौटा। इसके बाद युवक को बुखार आने लगा। 27 मई को उसने जिला अस्पताल जाकर सैंपल कराया। शुक्रवार को युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई।
आशंका है कि युवक आगरा के अस्पताल या वहां किसी व्यक्ति के संपर्क में आकर संक्रमित हुआ है। युवक की मां और परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए जाएंगे। इसी मोहल्ले में 18 मई को दिल्ली से लौटा 32 वर्षीय युवक के संक्रमित निकलने पर उसके परिवार के लोगों का 23 मई को सैंपल कराया गया था।
इसमें दिल्ली से पिता के साथ लौटी युवक की 5 वर्षीय बेटी भी संक्रमित निकली है। हॉटस्पाट मोहल्ला शाहकमर निवासी सब्जी विक्रेता की 40 वर्षीय पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
सब्जी विक्रेता के पॉजिटिव निकलने पर पत्नी के अलावा 15 व 17 वर्षीय बेटियों और 8 वर्षीय बेटे के सैंपल लिए गए थे। तीन अन्य की रिपोर्ट की जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को नहीं है। तीनों कोरोना पाजिटिव को जसवंतनगर के कोरोना अस्पताल भेजा गया है।
एसडीएम सदर सिद्धार्थ ने बताया कि पॉजिटिव मिले मरीजों के घर और गलियों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया है। इसके साथ युवक के परिवार के सात और उसके मकान में किराये पर रहने वाले सात लोग यानी कुल 14 लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।