फ्रेंड्स कालोनी थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान कौशल्या वाटिका के पास से तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया, जबकि उनका एक साथी चकमा देकर भाग गया। पकडे़ गए लुटेरों के पास से चोरी की बाइक, तमंचा, कारतूस के अलावा नशीला पाउडर भी बरामद हुआ है। पुलिस लुटेरे के फरार साथी की तलाश कर रही है।
एसओ फ्रेंड्स कालोनी नासिर हुसैन अपने हमराह फोर्स के अलावा चौकी प्रभारी मंडी रजनीश यादव, विकास कुमार के साथ सोमवार की रात वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। कौशल्या वाटिका के पास उन्हें बाइक सवार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह बाइक लेकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और एक बाइक पर सवार तीन युवकों को धर दबोचा। जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक भागने में सफल रहा।
तलाशी में उनके पास से एक तमंचा व नशीला पाउडर के अलावा अन्य सामान बरामद हुआ। पकडे़ गए युवकों ने अपने नाम जितेंद्र उर्फ गुड्डू, बब्लू पुत्रगण राधामोहन निवासी विकास कालोनी भाग एक, विमल राजपूत पुत्र आनंद प्रकाश निवासी विकास कालोनी भाग दो बताया। भागने वाले साथी का नाम बाबी उर्फ सत्येंद्र कुमार पुत्र राधामोहन बताया है। उनके पास लूट का सामान भी बरामद हुआ है।
एसओ नासिर हुसैन ने बताया कि पकडे़ गए लुटेरों ने सात नवंबर को हाईवे पर डीसीएम चालक प्रपोस कुमार निवासी रोहता मेरठ को मारपीट कर दस हजार रुपये, दो चांदी की अंगूठी तथा दो मोबाइल लूटने की बात कबूली थी। अंगूठी व मोबाइल बरामद किया गया है।