भाजपा की परिवर्तन यात्रा ने शुक्रवार को नगर भ्रमण किया। इस दौरान रामलीला मैदान में हुई जनसभा में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेई ने कहा कि 500 और 1000 के पुराने नोट बंद किए जाने से सिर्फ उन्हीं को परेशानी हो रही है, जिनकी चोर की दाढ़ी में तिनका है। आम जनता प्रधानमंत्री के फैसले पर खुलकर साथ दे रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से कोई रोक नहीं पाएगा। उधर प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि काला धान नष्ट होने से देश में महंगाई भी कम होगी।
उन्होंने जनसमुदाय से कहा कि मोदी और अमित शाह पर भरोसा करो। 2014 में किए गए वादे एक-एक कर पूरे हो रहे हैं। पूरे विश्व में भारत का सम्मान बढ़ाया। पाकिस्तान को झुका दिया। काला धन लेकर जो बैठे थे, उनको जमीन पर लाने का कार्य किया। 500 और 1000 का नोट बंद करने के फैसले का सबसे पहले बसपा की मायावती और फिर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने विरोध किया। दोनों की ही चोर की दाढ़ी में तिनका है। सपा ने प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया। जनता का ध्यान बांटने के लिए घर के झगड़े का नाटक किया। प्रदेश में 11 दलित महिलाओं के साथ दुराचार हुआ लेकिन अपने को दलितों का मसीहा बताने वाली मायावती ने इन घटनाओं पर कोई ध्यान नहीं दिया। हम प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को बताने निकले हैं। प्रदेश की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। वह भाजपा की ही सरकार बनाएगी।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने कहा कि सपा सरकार में प्रदेश 200 से अधिक सांप्रदायिक दंगे हुए। परिवर्तन यात्रा के प्रभारी भाजपा के प्रदेश मंत्री सुरेश अवस्थी ने कहा कि परिवर्तन यात्रा व्यवस्था बदलने के लिए चल रही है। क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने सपा और बसपा पर तीखे प्रहार किए। जनसभा को पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता भदौरिया, पूर्व विधायक अशोक दुबे, सांसद अशोक दोहरे, जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे ने भी संबोधित किया। मुख्य अतिथि लक्ष्मीकांत बाजपेई सहित अन्य अतिथियों का भाजपा नेता प्रशांत राव चौबे, जिला महामंत्री अन्नू गुप्ता, पूर्व ब्लाक प्रमुख विवेक भदौरिया, मनीष यादव पतरे नेे माला पहनाकर और शॉल उढ़ाकर अभिनंदन किया। भाजपा नेता प्रदीप दुबे ने तलवार भेंट की। पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार चौधरी, भाजपा नेत्री सरोज राजपूत, कमलेश कठेरिया, पूर्व विधायक केके राज, अवनीश राजपूत, जितेंद्र गौड़, गोपालमोहन शर्मा , गजेंद्र मिश्रा, डा. रमाकांत शर्मा, ज्ञानेंद्र अवस्थी, इंद्रेश दीक्षित, जितेंद्र जैन हैप्पी, देवेंद्र भदौरिया पुत्तन, शिवाकांत चौधरी ने भी स्वागत किया। क्षेत्रपाल सिंह व विकास भदौरिया ने प्रतीक चिह्न भेंट किया।