घटना स्थल का निरीक्षण करते थानाध्यक्ष बकेवर व क्राइमब्रांच टीम। फोटो नंबर 27- दुकान के पीछे चोरों द्वारा लगाया गया नकब।
- फोटो : अमर उजाला
बकेवर कस्बा में चोरों ने एक सराफा दुकान में नकब लगाकर सामान चोरी कर लिया। चोरों ने तिजोरी को उखाड़ने का प्रयास किया लेकिन असफल होने पर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त किया और पीवीआर मशीन उठा ले गए।
शुक्रवार की रात लखना रोड पर स्थित निर्मला ज्वैलर्स की दुकान में पीछे से नकब लगा दी। चोरों ने दीवार में फिक्स तिजोरी के बाहर के चैनल के ताले तोड़कर तिजोरी का एक ताला तोड़ दिया लेकिन दूसरा ताला नहीं तोड़ पाए। तिजोरी को उखाड़ने का प्रयास किया। आरसीसी के लेंटर को तोड़ दिया। तिजोरी खोलने व उखाड़ने में असफल होने पर चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और पीवीआर मशीन को उठा ले गए। दुकान में चार सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
सुबह करीब 9 बजे दुकान मालिक अतुल वर्मा लखना में रहते हैं, वह दुकान खोलने आए तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस व थानाध्यक्ष आलोक राय कस्बा इंचार्ज बिजेंद्र शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थानाध्यक्ष बकेवर आलोक राय ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। हालांकि इस मामले में कस्बे के तीन चार लोगों को पकड़ा हैं जिनसे पूछताछ हो रही है।
अब तक पांच बार लग चुकी नकब, मालिक से भी हुई थी लूटपाट
निर्मला ज्वैलर्स की दुकान में अब तक पांच बार नकबजनी की वारदात हो चुकी है। पहली बार काफी माल चला गया था। तब से दुकान मालिक अतुल वर्मा दुकान बंद करके सारा सामान घर लखना ले जाने लगे हैं। यही नहीं करीब ढाई साल पूर्व उक्त दुकान के मालिक को दुकान बंद करके लखना जाते समय बकेवर-लखना के बीच में शाम के समय बाइक सवार लुटेरों ने लूट लिया था, जिसमें करीब दस लाख से अधिक के जेवरात व सोना लूट ले गए थे। हालांकि उक्त घटना का थाना पुलिस ने कुछ समय बाद ही पर्दाफाश कर दिया था।