इकदिल थाना क्षेत्र के आजादनगर टीला में सोमवार की रात को चोरों ने ट्रांसपोर्टर के सूने मकान को निशाना बनाया। चोरों ने कमरे में बक्से व अलमारी के लॉक तोड़कर उसमें जेवर, नकदी, बर्तन सहित करीब छह लाख रुपये का माल पार कर दिया। इस बीच पड़ोस में स्थित दूसरे मकान में सो रहे परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह उन्होंने जब मकान के ताले टूटे देखे तो पैरों के तले से जमीन खिसक गई।
मोहल्ला आजाद नगर टीला में नवाब पुत्र नादिर बक्स का मकान मस्जिद के पास है। उनका खुद का एक ट्रक है और मोहल्ले की मुख्य सड़क पर पुराने टायरों की दुकान है। सोमवार की रात वे अपने परिवार के साथ पड़ोस में बने नए मकान में सोने के लिए चले गए।
पीछे से रात के समय चोर पुराने मकान के ताले तोड़कर घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने कमरों में रखी अलमारी और बक्सों के लॉक तोड़े। चोरों ने उसमें रखे जेवर तथा बर्तन चोरी कर लिए। पड़ोस के मकान में सो रहे परिजनों को चोरों की भनक नहीं लग सकी।
मंगलवार की सुबह जागने पर परिजन पुराने मकान पर पहुंचे तो ताले टूटे हुए पाए। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और बक्सा खुले पड़े थे। सारा सामान बिखरा हुआ था। इस बीच मोहल्ला वालों की भीड़ वहां जमा हो गई। परिजनों ने जेवर और बर्तन को देखा तो गायब थे।
उन्होंने इसकी सूचना इकदिल थाना पुलिस को दी। मंडी चौकी इंचार्ज अजहर खां मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गृहस्वामी नवाब ने बताया कि चोर उनके घर से 15 तोला सोने के जेवरात (हार, चूड़ी, झुमकी), सवा किलो चांदी के जेवरात और बर्तन चोरी कर ले गए। करीब छह लाख रुपये का सामान चोरी गया है।
शादी के लिए कर रहे थे तैयारी
नवाब ने अपनी दोनों बेटियों का रिश्ता तय कर दिया था। चार महीने बाद दोनों बेटियों की एक साथ शादी होनी थी। इसी के चलते परिवारीजनों ने शादी की तैयारी शुरू कर दी थी। बकौल नवाब सिंह बेटियों को दहेज में देने के लिए ही उसने सोने चांदी के नए जेवरात बनवाए थे। दहेज में देने के लिए बर्तन भी खरीदे थे। बड़ी बेटी के जेवरात घर पर रखे हुए थे।