भरथना नगर के मोहल्ला रानीनगर में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों का माल पार कर दिया। यह मकान दिवंगत रिटायर्ड सीओ का है, जिसमें उनके बेटा बहू रहते हैं। दंपति किसी काम से गांव गए थे। घर सूना पड़ा था। सूचना पर सीओ सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। गृहस्वामी ने 16 लाख रुपये के जेवरात सहित बीस हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी दी है।
नगर के मोहल्ला रानीनगर में गुजरात पुलिस के रिटायर्ड सीओ स्व. सोबरन सिंह का मकान है। मकान में उनका बेटा सुनील कुमार परिवार के साथ रहता है। सुनील पत्नी नेहा के साथ मां की तबियत खराब होेने पर दो दिन पहले गांव गया हुआ था। बुधवार की रात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया।
गुरुवार की सुबह जब मोहल्ले वालों ने मकान के ताले टूटे देखे तो सूचना सुनील कुमार को दी। सूचना मिलने के बाद वह घर पहुंचा तो मेनगेट के ताला टूटा था। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो अलमारी-बक्से के लॉक टूटे होने के साथ ही सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
सीओ राघवेंद्र सिंह के साथ डॉग स्क्वाएड व फोरेंसिक टीम ने छानबीन की। मौके से कई सबूत जुटाए गए। सुनील की पत्नी नेहा ने बताया कि उसके सारे जेवरात घर में ही रखे हुए थे। चोर सोने के दो हार, 16 अंगूठी, दो जंजीर, कानों के कुंडल-झुमकी आदि सहित करीब 16 लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर ले गए।
इसके साथ ही घर में रखी बीस हजार रुपये की नकदी भी गायब है। नेहा ने बताया की दो तीन साल पहले ही हम लोग गुजरात से यहां रहने के लिऐ आए थे। सीओ ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है।
चैनल में लगे थे पांच ताले
भरथना (इटावा)। गृहस्वामी सुनील ने बताया कि घर के बाहर लगे लोहे के शटर में बाहर से उसने तीन ताले लगाए थे, जबकि दो ताले अंदर की ओर से डाले थे। चोरों ने शटर में लगे सभी ताले तोड़े। इसके बाद चोरों ने कमरे के अंदर दरवाजों के तालों को तोड़ा। यही नहीं चोरों ने इनवर्टर के तारों को जोड़कर घर में रोशनी की। सुनील की पत्नी ने बताया कि चोरों ने उन कमरों को निशाना बनाया जिसमें जेवर रखे थे। वारदात में उसका हाथ है जिसे घर की पूरी जानकारी रही।