सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव नगला भगत में सोमवार की रात चोरों ने एक सूने मकान के ताले तोड़ दिए और घर में रखे सोने चांदी के जेवरात व नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सुबह हुई जब परिजन लौटकर आए। घटना की तहरीर थाने में दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
गांव नगला भगत थाना सिविल लाइन निवासी विकास यादव पुत्र किताब सिंह यादव सोमवार को अपनी पत्नी के साथ मकान में ताला लगाकर किसी बीमार रिश्तेदार को देखने के लिए गए थे। रात को वह वहीं पर रुक गए। चोरों ने उनके सूने मकान के ताले तोड़ दिए।
मकान में घुसकर कमरे में रखे बक्से और अलमारी के लॉक तोड़े और उसमें रखा जेवर व नकदी चोरी कर ली। पड़ोसियों को चोरी की भनक नहीं लग सकी। मंगलवार की सुबह जब विकास वापस लौटकर आए तो मकान के ताले टूटे देख। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान गायब था।
विकास यादव ने बताया कि चोर उनके घर से दो सोने की जंजीर, पांच सोने की अंगूठी, बेना, एक हाथफूल, पांच जोड़ी पायलें, 25 हजार रुपये नकद सहित करीब पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। विकास ने इस संबंध में थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।