भरथना। गोपियागंज गांव में प्रॉपर्टी डीलर के घर से चोरों ने नकदी और जेवर चुरा लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गोपियागंज निवासी रामकिशोर प्रापर्टी डीलर हैं। वह लंबे समय से कानपुर में रह रहे हैं। शनिवार रात चोरों ने उनके घर के ताले तोड़ दिए। अलमारी में रखे 50 हजार रुपये, सोने का हार, अंगूठी, कुंडल, चांदी की करधनी व पायल सहित करीब साढ़े तीन लाख रुपये का सामान चुरा लिया। खटपट सुनकर पड़ोसी जाग गए तो चोर भाग गए। पड़ोसियों ने ताले टूटे देखे तो गृहस्वामी को सूचना दी। रामकिशोर ने कानपुर से यूपी 112 को सूचना दी। सीओ विवेक जावला ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की है। मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी। अभी तहरीर नहीं मिली है।
चार घरों में चोरी का प्रयास
भरथना। कस्बे में रविवार तड़के मंडी रोड स्थित चार घरों के ताले चोरों ने तोड़ दिए। लोगों के जागने पर चोर भाग गए।
मंडी समिति मार्ग निवासी संजीव कुमार के घर का ताला टूटा देखकर पड़ोसी झब्बूलाल ने पुलिस को सूचना दी। झब्बूलाल ने बताया कि गृहस्वामी परिवार सहित फिरोजाबाद रहते हैं। घर खाली था। इसी मार्ग पर हरगोविंद के घर में भी चोरी का प्रयास किया गया। थोड़ी दूरी पर मंडी समिति गेट के पास उमेश कुमार के मकान के गेट का ताला भी तोड़ दिया। पड़ोसियों के जागने पर भाग गए। प्राइवेट अस्पताल के पास स्व. सतेंद्र यादव के घर में भी चोरी का प्रयास किया। परिजनों के जागने पर भाग गए। सीसीटीवी कैमरे कुछ कार सवार दिखे हैं। कार में नंबर प्लेट नहीं थी। मोहल्ला गिरधारीपुरा में पप्पन पोरवाल के घर के बाहर लगी मोटर भी उखाड़ने का प्रयास किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।