ताखा (इटावा)। लोडर में पीछे बैठा युवक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गिर गया। उसे गंभीर हालत में पड़ा देख यूपीडा की टीम ने सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बुधवार रात मौहदा हमीरपुर निवासी इंतजार खान अपने बेटे जीशान (22) के साथ लोडर में सामान लादकर ग्वालियर जा रहे थे। ऊसराहार के नगला कोरी गांव के पास जीशान चलते लोडर से नीचे गिर गया। इसकी जानकारी इंतजार खान को नहीं हो सकी। इससे करीब एक घंटे तक वह एक्सप्रेसवे पर घायल पड़ा रहा। बाद में गश्त कर रही यूपीडा की सुरक्षा टीम ने उसे देखकर सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा।
युवक के पास मिले मोबाइल की मदद से हादसे की जानकारी इंतजार खान को दी। पिता ने बताया कि बेटा लोडर में पीछे बैठा था। उन्हें पता नहीं चला कि वह कब गिर गया। पिता जब मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो जीशान की मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष ऊसराहार गंगादास गौतम ने बताया कि जीशान लोडर में पीछे बैठा था। उसका पिता लोडर चला रहा था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।