इटावा। दुर्गा नगर कॉलोनी में महिला की हत्या सिर में अंदरूनी चोट लगने से हुई। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। बदमाश महिला के सिर पर वार करने के बाद उनके हाथ पैर बांधकर चार लाख रुपये की नकदी व लाखों रुपये के जेवर लूट कर भाग गए। पुलिस की टीमें बदमाश की तलाश में जुटी हुई हैं।
फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर कॉलोनी निवासी जितेंद्र सिंह चौहान की पत्नी सविता चौहान (55) का शव रविवार सुबह उनके घर में बेड पर मिला था। आशंका जताई गई थी कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि महिला के सिर में चोट पहुंचाकर हत्या की गई है। उनके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है बदमाश ने सोते हुए सिर उठाकर बेड में मारकर हाथ-पैर बांध दिए। सिर व कान के नीचे गर्दन के दोनों तरफ अंदरूनी चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पति जितेंद्र सिंह की तहरीर पर बदमाश के खिलाफ हत्या करके चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। देर रात महिला की करीब 12 बजे के करीब मौत हुई है। सिर में अंदरूनी चोट से मौत होने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।