तेजरफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। जबकि हादसे में उसका पति और चार माह का बेटा घायल हो गया। थाना क्षेत्र के अंतर्गत खेड़ा गांव के पास धौलपुर हाईव पर सोमवार सुबह यह दुर्घटना हुई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे को डेढ़ घंटे तक जाम रखा।
खेड़ा धौलपुर गांव के हाईवे पर सोमवार सुबह 11 बजे मुकेश कुमार पुत्र सालिग राम बघेल, अपनी पत्नी अनीता और चार माह के पुत्र दीपेश के साथ बाइक से फीरोजाबाद जिले के मटसैना थाना के नगला प्रानसुख पीथनी गांव जा रहा था। खेड़ा धौलपुर हाईवे चोराहे पर आगरा की ओर जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी।
इसमे बाइक सवार 28 वर्षीय अनीता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पति मुकेश और उसका चार माह का पुत्र दीपेश घायल हो गया। दोनों को सैफई पीजीआई भेजा गया है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवे जाम कर दिया। खबर मिलते की एसडीएम हंसराज यादव और सीओ विनय चौहान तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक दुबे फोर्स के मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों को काफी समझाने पर करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका। हादसे के बाद चालक रोडवेज बस लेकर भाग गया। थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।