तेज धूप के बाद शाम को आंधी आने से मौसम में कुछ नरमी आई। इकदिल में टीनशेड उड़ने से उसकी चपेट में आकर एक महिला घायल हो गई।
मंगलवार को पूरे दिन गर्मी व कड़क धूप से लोग बेहाल बने रहे। दोपहर में तपिश से लोग बेहाल थे। लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल था। शाम को पांच बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट बदली। बदली होने के बाद तेज हवाएं चलने लगीं। आंधी तेज होने लगी तो सड़क पर चल रहे लोग सुरक्षित स्थानों की तलाश में इधर-उधर होने लगे।
आंधी आने से पहले ही बिजली भी काट दी गई। तेज हवाओं से सड़कों पर सन्नाटा सा छा गया। जो लोग सड़क पर चल रहे थे, उन्हें चलना काफी मुश्किल लग रहा था। कई लोगों ने गाड़ी बंद करने में भी अपनी भलाई समझी और सड़क के किनारे खड़े हो गए। लोग धूल से सराबोर हो गए।
आंधी के बाद हुई ठंडक का मजा लेने को कई लोग घरों की छतों पर भी निकल आए। आंधी तेज होने पर धूल भरी हवा चलने से आंखें बंद होने लगी थीं। तेज हवाओं से कई साइन बोर्ड व होर्डिंग टूट गईं।
आंधी थमने पर करीब पौन घंटे के बाद बिजली सप्लाई शुरू हो सकी। आंधी के बाद मौसम में ठंडक आ गई। दिनभर की गर्मी से लोगों को राहत मिली।
उधर इकदिल थाना क्षेत्र के गांव नगला खादर में मंगलवार की शाम को आई आंधी में टीनशेड उड़ गया जिसकी चपेट में आने से एक महिला घायल हो गई।
गांव निवासी सुभाष बाबू की पत्नी मंजूदेवी मंगलवार की शाम को अपने घर पर थी। तभी अचानक आंधी आ जाने से पड़ोसी कर छत पर डला टीनशेड उड़कर उसके ऊपर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल मंजूदेवी को जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।