क्राइम ब्रांच व बढ़पुरा थाना पुलिस ने तीन बदमाशाें को लूटे गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो बदमाश भागने में सफल रहे।
पुलिस ने बदमाशों से सोने, चांदी के जेवर और हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कुल्हाड़ी बरामद की है। बरामद जेवर उदी पुलिस चौकी के पीछे स्थित एक मकान से चोरी किए गए थे। पुलिस हत्या समेत तीन वारदातों का खुलासा किए जाने का दावा कर रही है।
बढ़पुरा पुलिस ने ग्राम दवाह हवेली निवासी मुकेश गोयल पुत्र प्रेमचंद्र गोयल, सोनू जाटव पुत्र किशन जाटव और दवाह भटपुरा निवासी पूरन लोधी पुत्र रामदुलारे को मुखबिर की सूचना पर गुरुवार देर रात चोरी की योजना बनाते समय भटपुरा गांव के उच्च माध्यमिक स्कूल से गिरफ्तार कर लिया।
जबकि दो अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पकड़े गए अपराधियों के पास से पुलिस ने चार सोने की चूड़ी, दो जंजीर, एक जोड़ी झुमकी, तीन अगूंठी, छह चांदी के बिछिया, दो चांदी की ही नगदार अगूंठियां, दो तमंचा, 5 जिंदा कारतूस और कुल्हाड़ी व छेनी बरामद की।
शुक्रवार को पुलिसलाइन सभागार में बढ़पुरा क्षेत्र में हुई वारदातों का खुलासा करते हुए एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों ने बढ़पुरा क्षेत्र में तीन वारदातें करने की बात कबूली है।
जिनमें रजतपुरा गांव में ट्यूबवैल पर किसान की हत्या, उदी पुलिस चौकी के पीछे नहर पर स्थित मकान में गत 3/4 जनवरी की रात महिला को घायल कर अलमारी तोड़कर चोरी करना और चकरनगर रोड स्थित उदीमोड़ पारपट्टी स्कूल के पास घर में घुस कर चोरी करना शामिल हैं।
उन्होंने बढ़पुरा थाना प्रभारी आलोक कुमार राय, क्राइम ब्रांच प्रभारी अजहर अली, उदी चौकी प्रभारी अवधेश कुमार यादव, एसआई विजेंद्र कुमार शर्मा समेत पुलिस टीम को 5 हजार रुपये नकद इनाम से पुरस्कृत किए जाने की भी घोषणा की।