कचहरी में गर्मी से बचने के लिए हाथ से पंखा झलते अधिवक्ता विवेक यादव। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। सोमवार को तापमान में तो गिरावट दर्ज की गई लेकिन बदली छाने से उमस बढ़ गई। दिन भर बिजली की आंख मिचौनी से लोग गर्मी में बेहाल होते रहे।
अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्यिसस सोमवार को दर्ज किया गया। गर्मी में कचहरी में अपने चैंबर में बैठे दो अधिवक्ता बिजली न होने की वजह से हाथ से पंखा करते नजर आए। उन्होंने बताया कि बिजली कटौती बढ़ने के बाद से हाथ पंखा घर से लाने लगे हैं। अधिवक्ता विवेक यादव व अखिलेश यादव के चैंबर में टीन की चादर पड़ी है। ऐसे में वह पसीना बहाकर की दोपहर लगभग 12 बजे अपने काम में जुटे थे।
निशुल्क प्याऊ से यात्रियों को राहत
यात्रियों के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2/3 पर संचालित नि:शुल्क प्याऊ काफी सहारा बना हुआ है। सोमवार को स्टेशन पर कालका एक्सप्रेस का अलाउंसमेंट होते ही यात्री प्याऊ पर पहुंच गए। सभी अपनी-अपनी बोतलें लेकर बस यही कह रहे थे कि भैया हमारी बोतल भर दो ट्रेन आने वाली है।
जर्जर तार करा रहे फॉल्ट
शहर हो या गांव जर्जर ताल बिजली विभाग के लिए सिरदर्दी बने हुए हैं। अप्रैल से ही ओवरलोड होने के बाद से आए दिन फॉल्ट हो रहे हैं। जिन्हें सही करने के लिए कई-कई बार फीडरों पर शटडाउन लिया जा रहा है। रविवार रात से लेकर सोमवार शाम तक कई मुहल्लों में यही स्थिति हुई। फॉल्ट होने की वजह से पक्के तालाब, नुमाइश रोड, नौरंगाबाद, आवास विकास समेत कई मुहल्लों की बिजली लगभग 2 घंटे गायब रही। रात करीब साढ़े दस बजे बिजली आने के बाद फिर रात में भी बिजली आती जाती रही।