फोटो: 08::: भरथना में हाईटेंशन लाइन के तार में हुए फाल्ट को ठीक करता लाइनमेन। स्रोत बिजली निगम
भीषण गर्मी के बीच 24 घंटे बिजली गुल होने से लोग बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
भरथना। भीषण गर्मी के बीच कस्बा वासियों को भारी बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है। शनिवार रात में सीटी डैमेज होने से आपूर्ति ठप रही तो वहीं रविवार दिन में तार टूटने से बिजली गुल रही। लगातार हो रही कटौती और फाल्ट के कारण लोगों को भीषण गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कस्बे में शनिवार रात करीब दो बजे अचानक बिजली गुल हो गई। बताया गया कि उपकेंद्र की मशीन में लगी सीटी डैमेज होने से मोहल्ला ब्रजराज नगर, ब्रह्म नगर, बालूगंज, महावीर नगर आदि मोहल्लों में अचानक बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। देर रात तक आपूर्ति बहाल न होने से लोगों की नींद उड़ गई। बिजली न होने के कारण पंखे, कूलर बंद रहे, जिससे लोगों को रात जागकर बितानी पड़ी, लगभग दो घंटे बाद सुबह चार बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई तब कहीं जाकर लोगों को राहत मिली।
रविवार सुबह साढ़े 10 बजे फीडर संख्या दो की एचटी लाइन का तार टूट गया। इससे कस्बे के बाजार क्षेत्र के मोहल्ला सब्जी मंडी, बालूगंज, बृजराज नगर आदि मोहल्लों को आपूर्ति ठप हो गई। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच घंटों बिजली न आने से लोग घरों के दरवाजे पर बैठकर बिजली आने का इंतजार करते रहे। इसके चलते घर के साथ साथ दुकानों का कामकाज भी प्रभावित रहा।
लगभग ढाई घंटे बाद दोपहर एक बजे बिजली आई। लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली व्यवस्था और बिगड़ती जा रही है। बार-बार फाल्ट होने व रोस्टिंग की समस्या से दिन रात बिजली की आवाजाही ने बेहाल कर दिया है। एसडीओ दिलीप कुमार शाहू ने बताया कि बढ़े हुए लोड और तेज गर्मी के कारण तकनीकी समस्याएं आ रही हैं, जिन्हें जल्द दुरुस्त कराया जा रहा है।