कॉलेज से घर लौट रही दलित छात्रा के साथ दो युवकों ने नहर पुल के पास छेड़खानी की। पीड़ित छात्रा का आरोप है कि घटना की शिकायत करने जब वह जसवंतनगर थाने गई तो पुलिस ने उसे भगा दिया। बुधवार को परिजनों ने एसएसपी कार्यालय में जाकर शिकायत की।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र की छात्रा शहर के एक कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रही है। मंगलवार को कॉलेज से घर जाते समय नहर पुल के पास दो लड़कों ने उसे रोक लिया और छेड़खानी करने लगे। छात्रा ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने उसकी साइकिल में जबरन ताला डालकर चाबी को फेंक दिया।
युवक उसके साथ लगातार छेड़खानी करते रहे। इसी बीच गांव का एक युवक आ गया। लड़कों ने उसके साथ मारपीट कर दी। अन्य लोगों के आ जाने पर दोनों लड़के जान माल की धमकी देते हुए भाग निकले।
छात्रा ने एसएसपी को बताया कि वह रिपोर्ट दर्ज कराने जसवंतनगर थाने गई तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और थाने से भगा दिया। एसएसपी ने जसवंतनगर थाना पुलिस को तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।