इटावा। बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अब पढ़ाई का ढर्रा बदलने जा रहा है। स्कूलों में अब प्रेरणा पोर्टल वाली एक जैसी समय सारिणी की अनिवार्यता खत्म होगी। अब हर स्कूल अपनी जरूरत और उपलब्ध शिक्षकों की संख्या के आधार पर खुद अपना टाइम टेबल तैयार कर सकेगा। स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने इस संबंध में बीएसए को निर्देश जारी किए हैं।
जिले में 1447 परिषदीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। अब तक पूरे प्रदेश में प्रेरणा पोर्टल के माध्यम से एक समान समय सारिणी लागू थी। कई स्कूलों में शिक्षकों की कमी या किसी के अवकाश पर होने के कारण कक्षा खाली चले जाते थे। नई व्यवस्था से इस समस्या को दूर किया गया है। अब प्रधानाध्यापक उपलब्ध स्टाफ के अनुसार विषयों का आवंटन कर सकेंगे। हर कक्षा के लिए 40 मिनट का समय तय किया गया है। इसके साथ ही मिड-डे मील के लिए आधे घंटे का समय मिलेगा। प्राथमिक में भाषा-गणित और उच्च प्राथमिक में गणित, विज्ञान व अंग्रेजी का रोज एक कक्षा जरूर होगी। इसके साथ ही कक्षा में नया पाठ शुरू करने से पहले पिछले पाठ को दोहराना होगा।