इटावा। प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व जिले के प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक के दौरान विद्युत निगम और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर मंत्री ने नाराजगी जताई। चकरनगर में एक माह से खराब पड़े ट्रांसफार्मर पर बिफरते हुए पूछा कि आखिर अब तक उसे ठीक क्यों नहीं किया गया। कहा कि जनहित की योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
विद्युत निगम की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि शहर में 24 घंटे बिजली मिले और खराब ट्रांसफार्मर हर हाल में 24 घंटे के भीतर बदले जाएं। वहीं, रैन बसेरों और अलाव की स्थिति पर नगर पालिका ईओ संतोष कुमार मिश्र को निर्देशित किया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मंडी जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की संख्या बढ़ाई जाए।
मंत्री ने कृषि विभाग को निर्देश दिया कि किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने किसान सम्मान निधि की समस्याओं के समाधान के लिए जिले में एक स्थायी काउंटर खोलने और हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को चेतावनी दी कि एक्सपायरी दवा मिलने पर कठोर कार्रवाई होगी।
एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अपराध नियंत्रण में पुलिस ने कई सफलताएं हासिल की हैं। 202 चोरी हुए मोबाइल बरामद किए गए और ऑपरेशन मुस्कान के तहत 341 महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षित घर पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के मामले में इटावा प्रदेश में पहले स्थान पर है।
बैठक की शुरुआत में स्वामी विवेकानंद योजना के तहत छात्रों को लैपटॉप वितरित करने के साथ की गई। उन्होंने पिलुआ और कालीबांह मंदिर के बाहर बैठने वाले जरूरतमंद लोगों को कंबल देने के निर्देश दिए। सदर विधायक सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल, सीडीओ अजय कुमार गौतम, एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव रहे।