गुरुवार को बाजार में पसरा सन्नाटा।
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। कोतवाली क्षेत्र के रानी बाग में बुधवार को नगर पालिका के वाहन की चपेट में आने से बालक की मौत के बाद हुए हंगामे के दूसरे दिन गुरुवार को बाजार में शांति रही। बाजार में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा।बाजार में लोगों की आवाजाही काफी कम रही। वहीं, दुकानदारों ने दुकानों में लूटपाट करने वालों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी थी लेकिन 24 घंटे बाद भी पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
बुधवार को रानीबाग निवासी बालक अरमान की नगर पालिका की गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई थी। लोगों ने उसके शव को नगरपालिका चौराहे पर रखकर जमकर बवाल काटा। अराजकतत्वों ने दुकानों में तोड़-फोड़ की और सामान लूट लिया। जिससे पूरे बाजार में अफरातफरी मच गई। इस घटना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। गुरुवार को बाजार में शांति रही।
लोगों की बाजार में आमद भी काफी कम रही। दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे नजर आए। दुकानदारों ने बताया कि बुधवार की घटना का बाजार पर असर पड़ा है। इस कारण से बाजार में लोगों का आजा-जाना कम रहा। व्यापारी नेता अनंत अग्रवाल व सदाशिव श्रीवास्तव ने बताया कि अराजकतत्वों के खिलाफ कोतवाली में दुकानों में तोड़-फोड़ करने, सामान लूटने की तहरीर दी थी।
तहरीर दिए 24 घंटे से अधिक का समय हो गया लेकिन पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़िताें ने बताया कि तहरीर देने के बाद पुलिस ने कहा कि जिन लोगाें ने लूटपाट की उन लोगों के नाम लिखकर दो। दुकानदारों ने कुछ अराजक तत्वों के नाम भी लिखकर दिए लेकिन तब भी पुलिस ने कोई र्कारवाई नहीं की है। कोतवाल देवेद्र सिंह ने बताया कि अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।