सैफई महोत्सव में कई बालीवुड गायकों, अभिनेत्रियों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुति देकर पंडाल में मौजूद दर्शकों को खूब नचाया। अभिनेत्री मेघना नायडू, इशिता भट्ट, गायक अंकिता कपूर, श्रति राने, शिवा मिश्रा, अपूर्व शाह का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोला। जॉनी लीवर के भाई जिमी ने कॉमेडी से खूब गुदगुदाया।
कार्यक्रम की शुरूआत मेरठ से आईं गायक आयुषी शर्मा ने ‘ ये मेरा दिल यार का दीवाना, से की। इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी गीत गाकर युवाओं को झूमने को मजबूर कर दिया। रेडियो सिटी पर अपनी गायिकी का जलवा बिखेर चुके प्ले बैक सिंगर शिवम मिश्रा ने ‘हर किसी को नहीं मिलता यहां प्यार जिंदगी में आदि गाने गाए।
अभिनेत्री इशिता भट्ट ने डीजे वाले बाबू, मैं लवली हो गयी यार, अभिनेत्री मेघना नायडू ने ‘तेरे बिन किक मुझे मिलती नहीं, बेबी डॉल, राम चाहे लीला आदि गीतों पर नृत्य करके पूरे पंडाल को नचाया। गायिका अंकिता कपूर व श्रुति राने के गाए गीतों पर युवा जमकर नाचे।
प्ले बैक सिंगर अपूर्व शाह ने ’तेरे नाम से जी लूं, मुझे दुनिया वालो शराबी न समझो, जिन्दगी प्यार का गीत है, सहित कई गीत गाकर वाहवाही लूटी। मशहूर कामेडियन जॉनी लीवर के भाई जिमी ने भी खचाखच भरे पंडाल को खूब हंसाया। इस अवसर पर सांसद तेजप्रताप यादव, प्रबंधक वेदब्रत गुप्ता, रविन्द्र श्रीवास्तव गुड्डू, रामनरेश यादव, राजवीर आदि मौजूद रहे।