चौबिया थाना क्षेत्र के ग्राम नगला कढ़ोरी में तालाब की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में पहले विवाद हुआ। देखते ही देखते दोनों तरफ से पथराव व फायरिंग होने लगी। इससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक पथराव व फायरिंग करने वाले लोग भाग चुके थे।
ग्राम नगला कढ़ोरी में तालाब की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में बुधवार की सुबह पहले तो विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष से पथराव होने लगा। इसी बीच एक पक्ष के लोगों ने हवाई फायरिंग कर दी।
इससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। गांव के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष चौबिया रामचंद्र दीक्षित फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
लेकिन तब तक पथराव व फायरिंग करने वाले जा चुके थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि तालाब की जमीन पर कब्जे को लेकर दो लोगों में मामूली कहासुनी हुई थी। पथराव व फायरिंग होने की बात से उन्होंने इनकार किया। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।