फोटो 11:: प्लेटफार्म पर ट्रेनों का इंतजार करते यात्री। संवाद
इटावा। हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर ट्रेनों की लेट लतीफी थमने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार को भी इटावा रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली गोमती एक्सप्रेस पांच घंटे व शताब्दी एक्सप्रेस करीब दो घंटे समेत सात ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से चलीं, जिससे उमस भरी गर्मी के बीच यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार को सबसे अधिक गोमती एक्सप्रेस पांच घंटा 15 मिनट, कानपुर से दिल्ली जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस दो घंटा 06 मिनट देरी से इटावा जंक्शन पर आई। इसके अलावा आम्रपाली एक्सप्रेस 1 घंटा 38 मिनट और ऊंचाहार एक्सप्रेस 1 घंटा 36 मिनट की देरी से इटावा स्टेशन पर आईं।
वहीं, अवध एक्सप्रेस एक घंटा 15 मिनट, वैशाली एक्सप्रेस चार घंटा 33 मिनट व पटना-कोटा एक्सप्रेस एक घंटा 17 मिनट लेट रही। ट्रेनों के लगातार लेट होने से स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। ट्रेनों की इस बदहाल लेटलतीफी के कारण छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
स्टेशन पर अपने परिजन को छोड़ने आए लोग और यात्रा करने वाले मुसाफिर घंटों तक पूछताछ केंद्र और डिस्प्ले बोर्ड पर ट्रेनों की स्थिति अपडेट होने का इंतजार करते दिखे। यात्रियों का कहना है कि आए दिन ट्रेनों के लेट होने से उनका पूरा शेड्यूल बिगड़ जाता है।