बकेवर। थाना क्षेत्र के ग्राम राहतपुर में युवती का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। दोपहर पिता खाना खाने घर आया तो घटना की जानकारी हुई। पिता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। युवती ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का पता नही चल सका। पुलिस छानबीन कर रही है।
गांव निवासी प्रमोद कुमार राजमिस्त्री का काम करता है। परिवार में पत्नी व 21 वर्षीय पुत्री नेहा है। पत्नी कहीं बाहर गई हुई थी। प्रमोद कुमार ने बताया कि सोमवार की सुबह वह पुत्री नेहा गौतम को घर पर अकेला छोड़कर काम करने चला गया था। जब वह दोपहर को खाना खाने के लिए घर आया और पुत्री को आवाज दी। जब पुत्री ने कोई जवाब नहीं दिया तो वह कमरे में देखने गया।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जिसकी सूचना उसने पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे के दरवाजों को तुड़वाकर कमरे के अंदर पहंचे। देखा कि युवती रस्सी के फंदे से पंखे से लटकी थी। पुलिस ने शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्ट मार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।