(फोटो संख्या 12) अंश की फाइल फोटो। संवाद
(फोटो संख्या 13) किशोर की खोजबीन के लिए यमुना के किनारे मौजूद लोग व पुलिस। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
चकरनगर। भरेह थाना क्षेत्र के गांव गढ़ा कास्दा के पास सोमवार को यमुना किनारे बकरियां चराने गया एक किशोर नदी में नहाने लगा। नहाते समय वह गहराई में चला गया। जिससे नदी में डूबने से उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर परिवार व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी खोजबीन की। खोजबीन के दौरान उसका शव सिकरौड़ी पुल के पास से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र भरेह के गढ़ा कास्दा गांव निवासी तेरह वर्षीय अंश पुत्र महावीर सिंह दिवाकर सोमवार की सुबह अपनी बकरियां चराने के लिए यमुना नदी के किनारे गया था। उसी दौरान बकरियां यमुना नदी में पानी पीने के लिए चली गईं। किशोर अंश भी उनके पीछे पानी में उतर गया तभी पानी गहरा होने के कारण वह डूब गया।
उसके साथियों ने उसे यमुना में डूबते देखा तो उन्होंने इसकी जानकारी गांव व परिवार के लोगों को दी। जानकारी मिलने पर लोग मौके पर पहुंचे और उसकी खोजबीन की। चार घंटे की खोजबीन के बाद किशोर का शव सिकरौड़ी पुल के पास से बरामद हुआ। जानकारी मिलने पर भेरह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किशोर की डूबने से हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया। थाना अध्यक्ष मोहम्मद कामिल ने बताया कि किशोर बकरियां चराने गया था। तभी वह नदी में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई।