वसंत पंचमी का पर्व जिले भर में परंपरागत तरीके से मनाया गया। लोगों ने घरों में पूजा अर्चना की तो स्कूलों में धार्मिक कार्यक्रम हुए। इस बीच छात्र छात्राओं ने पूजा अर्चना करके मां सरस्वती से ज्ञान का वरदान मांगा।
शहर के मोहल्ला छिपैटी स्थित श्री सनातन धर्म सरस्वती विद्यापीठ में हवन पूजन के साथ वसंत पंचमी पर विद्यालय परिसर में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा का पूजन किया गया। फिर काव्य गोष्ठी हुई। मोतीझील स्थित सरस्वती इंटर कालेज में भी वसंतोत्सव का पर्व हवन पूजन के साथ मनाया गया। इसके साथ ही जिले की अन्य शिक्षण संस्थाओं में भी वसंत पंचमी का पर्व श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। घरों में भी लोगों ने विधिवत पूजा अर्चना की।
भरथना प्रतिनिधि के अनुसार मोहल्ला बृजराजनगर में पूर्व प्रवक्ता राजेंद्र प्रसाद के आवास पर धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर छात्र छात्राओं, शिक्षकों व साहित्य प्रेमियों ने मां सरस्वती का पूजा अर्चना कर गायत्री हवन किया। बच्चों ने मां के चित्र के समक्ष 51 दीप प्रज्ज्वलित किए और ज्ञान का वरदान मांगा। इस मौके पर शिक्षक सुमेर सिंह, विजय सिंह, शीपू त्रिपाठी, राहुल चौहान, प्रवल, साहब सिंह, संगीता, रीना, निशा, नमृता आदि मौजिूद रहे। संचालन आरडी यादव ने किया।