भूख प्यास से तड़पते गोवंश। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
प्रशासन की हीलाहवाली का खामियाजा गोवंशों और किसानों को भुगतना पड़ रहा है। ऐसा ही मामला लवेदी में देखने को मिला। जहां फसलों को बचाने के लिए ग्रामीणों ने अधूरे निर्माण की गोशाला में गायों को ढकेल दिया। साथ ही बाहर से ताला लगा दिया। दो दिन से गोवंश भूख प्यास से तड़प रहे हैं।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत जैतपुरा के लवेदी रोड चंद्रपुरा नहर पुल के पास गोशाला बनाई जा रही है। गोशाला का काफी दिनों से चल रहा निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हो पाया है। आसपास क्षेत्र के परेशान किसानों ने फसलों को छुट्टा गायों से बचाने के लिए खदेड़ कर निर्माणाधीन गोशाला में बंद कर दिया। गेट में ताला लगा दिया है। इससे गाये निकलने में असमर्थ हो रही हैं। लेकिन चिंता की बात तो यह है कि गोशाला में न तो चारा है न पानी। एसडीएम भरथना का कहना है कि उनको इसकी जानकारी नहीं है, अगर ऐसा है तो गोवंशों के चारे की व्यवस्था कराई जाएगी।