उदी। एसडीओ प्रेमचंद्र के निर्देश पर बिजली विभाग ने बकाया बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विशेष चेकिंग और वसूली अभियान चलाया। अवर अभियंता अशोक कुमार के नेतृत्व में गाती, मानिकापुरा और उदी क्षेत्र में कार्रवाई कर 1.62 लाख रुपये का बकाया बिल वसूल किया।
कई नोटिस देने के बावजूद बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। कार्रवाई की जानकारी मिलने पर कई उपभोक्ता बकाया बिल जमा करने के लिए बिजली उपकेंद्र पहुंच गए। अवर अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के बकाया बिल पर कनेक्शन काटे गए हैं।
वह बिना विभागीय अनुमति के दोबारा कनेक्शन न जोड़ें। ऐसा करते पाए जाने पर विद्युत अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की। (संवाद)