चकरनगर। ब्लॉक कार्यालय परिसर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्मित मॉडल आवास का लोकार्पण बृहस्पतिवार को सीडीओ अजय कुमार गौतम ने किया। इस मॉडल आवास का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाले आवासों की डिजाइन, गुणवत्ता, संरचना और सुविधाओं की जानकारी आमजन व लाभार्थियों तक सहज रूप से पहुंचाना है ताकि वह योजना के अंतर्गत बनने वाले घरों की वास्तविक रूपरेखा को समझ सकें।
उन्होंने निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, कमरों की बनावट, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, शौचालय एवं रसोईघर की सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। बीडीओ यदुवीर सिंह ने बताया कि ब्लॉक की 41 पंचायतों में 131 मुख्यमंत्री आवास बनाए जा रहे हैं। इसी तर्ज पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी आवासों का निर्माण किया जाएगा।