इटावा। हाईवे के लिए अधिग्रहीत जमीन का माफिया ने बैनामा कर दिया। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने डीएम को पत्र लिखकर माफिया पर कार्रवाई की मांग की है।
आगरा-कानपुर हाईवे चौड़ीकरण के लिए जमीन अधिग्रहीत की गई है। मानिकपुर मोड़ के पास अधिग्रहीत जमीन पर काम होना बाकी है। इस जमीन का एक भूमाफिया ने बैनामा कर दिया।
गांव अड्डा निहाल निवासी राधेश्याम ने इसकी शिकायत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक से की थी।
परियोजना निदेशक ने जांच की तो शिकायत सही निकली। परियोजना निदेशक ने बताया कि गाटा संख्या 76 से 0.4490 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत की गई थी। एक व्यक्ति ने इस गाटा की 111.12 वर्गमीटर जमीन का 20 सितंबर 2022 को दो लोगों के नाम बैनामा कर दिया।
उन्होंने जिलाधिकारी को मामले का संज्ञान लेते हुए जमीन का नामांतरण राजस्व अभिलेखों में कराने के लिए लिखा है। उधर, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण का पत्र आने के बाद राधेश्याम ने डीएम को प्रार्थनापत्र देकर सरकारी जमीन का क्रय विक्रय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।